कन्नौज यातायात पुलिस ने तिर्वा में चालकों को किया जागरूक।

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2025 पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा तिर्वा कस्बे के गांधी चौराहे पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक यातायात रवि शंकर त्रिपाठी तथा उप निरीक्षक यातायात आफाक खां ने किया।

इस दौरान टेंपो, ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग न करने, नो पार्किंग जोन में वाहन न खड़ा करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

यातायात निरीक्षकों ने मौके पर चालकों से नियमों से जुड़े सवाल भी पूछे। सही जवाब देने वालों को गिफ्ट देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर चालक उत्साहित नजर आए और सभी ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली।

इस अवसर पर मुख्य आरक्षी विजय बाबू, आरक्षी दीपक यादव एवं नीरेश कुमार भी मौजूद रहे।

कन्नौज यातायात पुलिस का मानना है कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगे।