कन्नौज:जलेसर घाट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान बिछड़ा मासूम पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिला

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर जनपद कन्नौज के थाना गुरसहायगंज क्षेत्रान्तर्गत जलेसर घाट पर स्नान हेतु हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसी दौरान भीड़भाड़ में गौरव पुत्र अजय, उम्र लगभग 5 वर्ष, निवासी ग्राम भूड़पुरवा, थाना गुरसहायगंज, अपने परिजनों से बिछड़ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर तैनात खोया–पाया केन्द्र पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बालक की तलाश शुरू की। थोड़े ही समय में पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्चे को पाकर परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी झलक उठी।

जनपद कन्नौज पुलिस द्वारा कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था हेतु निरंतर गश्त, निगरानी व आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस कर्मी या खोया–पाया केन्द्र से संपर्क करें।