कन्नौज पुलिस अधीक्षक ने की शुक्रवार परेड एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2025 पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज रिजर्व पुलिस लाइन कन्नौज में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों और नवआरक्षियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई तथा टोलीवार ड्रिल कराई।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने परेड की एकरूपता और अनुशासन की सराहना करते हुए प्रभारी पुलिस लाइन को इसे और बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से शस्त्र अभ्यास भी कराया गया।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर उनमें उपलब्ध आपातकालीन उपकरणों को चेक किया और प्रभारी यूपी 112 को निर्देशित किया कि वाहनों और उपकरणों की नियमित जांच होती रहे। उन्होंने कहा कि पीआरवी कर्मी अपने-अपने स्थानों पर सतर्क रहते हुए जनता की सुरक्षा और सेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित रहें।

एसपी विनोद कुमार ने पुलिस लाइन में संचालित पुलिस आरक्षी आधारभूत प्रशिक्षण (RTC) कार्यक्रमों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नवचयनित आरक्षियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्था की समीक्षा की।

पुलिस लाइन के निरीक्षण के दौरान एसपी ने जीडी कार्यालय, क्वार्टर गार्ड, पुलिस कैंटीन, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय, स्टोर रूम, लॉन टेनिस ग्राउंड, परिवहन शाखा, कंट्रोल रूम, आरओआईपी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और यूपी 112 को भी चेक किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।