कन्नौज,(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जून 2025 पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में महिला सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की जा रही है। जनपद कन्नौज के सभी थानों में नियुक्त महिला बीट आरक्षियों, जिन्हें “शक्ति दीदी” के नाम से भी जाना जाता है, द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है।
इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत शक्ति दीदी द्वारा छात्राओं और आम महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है, जिनमें 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), UP-112 (आपातकालीन सेवा) और साइबर अपराध संबंधित हेल्पलाइन शामिल हैं। इसके साथ ही, महिलाओं को यह भी बताया जा रहा है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में किस प्रकार बिना डर के सहायता प्राप्त की जा सकती है।
शक्ति दीदी स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्राओं को उनकी कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा उपायों, और साइबर सुरक्षा के मूल सिद्धांतों की जानकारी भी दे रही हैं, जिससे वे अपने साथ होने वाले किसी भी अन्याय का डटकर मुकाबला कर सकें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विश्वास की भावना विकसित करना है। इस अभियान के अंतर्गत थाना स्तर पर शक्ति दीदी को विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय किया गया है, जिससे महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता पर सुना और समझा जा सके।
जनपद में इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से महिला सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक संदेश जा रहा है और महिलाओं में आत्मविश्वास में वृद्धि हो रही है। यह पहल न केवल महिलाओं को जागरूक बना रही है, बल्कि समाज को सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम है।