कन्नौज पुलिस ने चालकों को किया जागरूक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2025  पुलिस अधीक्षक कन्नौज के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु रविवार को तिर्वा कस्बे के गांधी चौराहे पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं अन्य यातायात पुलिस कर्मियों ने टैंपो, ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को रोककर यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि सड़क पर चलते समय निर्धारित गति सीमा, सही लेन, यात्री क्षमता तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना आवश्यक है। साथ ही बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा नाबालिगों को वाहन न सौंपने की भी हिदायत दी गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि नियमों का पालन न केवल दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करता है, बल्कि चालक व यात्रियों की जान की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। जागरूकता अभियान के दौरान कई चालकों को पर्चे भी बांटे गए, जिनमें यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई थी।

इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक यातायात ने कहा कि ऐसे अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे ताकि लोग यातायात के प्रति जिम्मेदार बनें और सड़क हादसों में कमी आ सके।