कन्नौज पुलिस को मिले 5 नए पीआरवी वाहन, आपातकालीन सेवा होगी और अधिक सशक्त।

(द दस्तक 24 न्यूज़), 25 जुलाई 2025 जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और आपातकालीन सेवाओं को त्वरित बनाने की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए यूपी-112 मुख्यालय द्वारा जनपद कन्नौज को 5 नवीन चार पहिया पीआरवी वाहन (स्कार्पियो) प्रदान किए गए हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कन्नौज श्री विनोद कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन वाहनों को जनपद के विभिन्न थानों के अंतर्गत निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार फील्ड में ऑपरेशनल किया गया है। इससे न केवल पुलिस की उपस्थिति और गश्त बढ़ेगी, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में पीआरवी के रिस्पॉन्स टाइम में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। इन नए वाहनों के शामिल होने के बाद अब जनपद कन्नौज में कुल 24 चार पहिया और 21 दो पहिया पीआरवी वाहन हो गए हैं। यह वृद्धि यूपी-112 सेवा को और अधिक प्रभावी तथा जनसुलभ बनाएगी।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में डायल-112 पर प्राप्त इवेंट्स का विश्लेषण करें और उसी के अनुरूप पीआरवी वाहनों के रूट चार्ट को पुनः निर्धारित करें, ताकि पुलिस सहायता अधिक रणनीतिक और प्रभावशाली ढंग से उपलब्ध कराई जा सके। यह पहल कन्नौज पुलिस के तत्पर और जवाबदेह सेवा संकल्प को और मजबूत करेगी तथा आमजन को सुरक्षा का और अधिक भरोसा प्रदान करेगी।