(द दस्तक 24 न्यूज़) , 21 जुलाई 2025 श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी कन्नौज श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार द्वारा सोमवार को मेहंदी घाट का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं के स्नान की व्यवस्थाओं, रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थलों तथा ट्रैफिक प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। मेहंदी घाट पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों की कार्यक्षमता की समीक्षा की गई। सुरक्षा के लिहाज से घाट क्षेत्र को सेक्टरों में विभाजित करते हुए पर्याप्त पुलिस बल, फ्लड पीएसी तथा प्रशिक्षित स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र की स्थापना की गई है, साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत मेडिकल कैंप, ठहरने के स्थान तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। कांवड़ यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए विशेष रूट आरक्षित किए गए हैं और इन मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक प्रताप समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
