कन्नौज:छिबरामऊ में नाबालिग किशोरी का अपहरण, पुलिस से कार्रवाई की मांग

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 दिसंबर 2025 जनपद के कोतवाली छिबरामऊ क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजन ने कोतवाली में तहरीर देकर पड़ोस के युवक समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला सैय्यदबाड़ा विरतिया, कस्बा व थाना छिबरामऊ निवासी रोहित पुत्र कमलेश ने प्रभारी निरीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन कुमकुम को दिनांक 17 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 12 बजे पड़ोस में रहने वाला अर्शान पुत्र सकील उर्फ कल्लू बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से उसकी बहन का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अर्शान के साथ राजा पुत्र लल्ला निवासी तकिया वाली मस्जिद के पास तथा जसीम पुत्र सैजुद्दीन निवासी मोहल्ला सैय्यदबाड़ा विरतिया भी शामिल थे। बताया गया कि दोनों युवक अपनी गाड़ी संख्या UP 80 CS 3133 में बैठाकर अर्शान के साथ नाबालिग किशोरी को ले गए।

पीड़ित ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है और शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई कर नाबालिग की बरामदगी के प्रयास तेज किए जाएंगे।