कन्नौज: यूरिया की किल्लत, अधिक वसूली व नकली दवा-बीज पर भड़के किसान — SDM को सौंपा ज्ञापन

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 नवंबर 2025 जनपद के छिबरामऊ क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (किसान) ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला के निर्देश पर संगठन पदाधिकारियों व सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर यूरिया की कमी, तय दाम से अधिक वसूली व नकली दवा-बीज की बिक्री जैसे गंभीर मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

किसानों ने बताया— यूरिया नहीं मिल रही, फसल बर्बाद

ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में किसानों को समय से यूरिया नहीं मिल पा रही है। कई बार तय दाम से अधिक मूल्य चुकाने के बावजूद खाद उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे फसलें खराब होने की कगार पर हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि बाजार में नकली कीटनाशक और नकली बीज खुलेआम बेचे जा रहे हैं, जिससे खेतों में भारी नुकसान हो रहा है।

“यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा उग्र”— प्रदेश प्रवक्ता

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. रजनीश दुबे ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रशासन यदि जल्द समाधान नहीं करता तो भारतीय किसान यूनियन (किसान) किसान हित में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की मेहनत और भविष्य से खिलवाड़ किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

“अन्नदाता को भी नहीं बख्श रहे दुकानदार”— जिला महासचिव

जिला महासचिव आनंद तिवारी ने कहा कि जो किसान अन्नदाता कहलाता है, वही आज सबसे ज्यादा परेशान है। प्रशासन और स्थानीय दुकानदार दोनों ही किसान के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। संगठन हर कीमत पर किसानों के साथ खड़ा है और सड़क पर उतरने को तैयार है।

जिलाध्यक्ष ने भेजा संदेश— “किसान का दर्द हमारा दर्द”

जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला ने संदेश भेजकर कहा कि वे स्वयं किसान हैं, इसलिए किसानों की समस्याओं को गहराई से समझते हैं। वे केवल बयानबाजी नहीं करते बल्कि खेतों में जाकर किसानों से चर्चा कर उनकी तकलीफों को अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को समय रहते सख्त कदम उठाने चाहिए, अन्यथा संगठन मजबूर होकर आंदोलन करेगा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान—अभिषेक पाठक (जिला उपाध्यक्ष), शांतनु यादव (तहसील अध्यक्ष), अखिलेश शाक्य (तहसील सचिव), दिनेश चतुर्वेदी, रज्जन चतुर्वेदी, अनुज राजपूत (ब्लाक सचिव), गौरव राजपूत (जिला महासचिव युवा), सौरभ ठाकुर (नगर उपाध्यक्ष), संतोष दुबे, रामकुमार, विक्रांत चतुर्वेदी सहित सैकड़ों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।