कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2025 जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रिया शाक्य ने आज कन्नौज विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में भाग लिया। यह बैठक दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, आगरा के प्रबंध निदेशक श्री नितीश कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान प्रिया शाक्य ने कन्नौज क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति से जुड़ी जमीनी समस्याओं को मुखरता से उठाया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद विलंब से बदलने, तथा बिलिंग में अनियमितता जैसी समस्याओं से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रबंध निदेशक नितीश कुमार ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारीगण एवं संबंधित क्षेत्र के नागरिक भी उपस्थित रहे।
प्रमुख बिंदु:
अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या पर चिंता
ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान
उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग
प्रबंध निदेशक का आश्वासन: हर समस्या पर होगी कार्यवाही
यह बैठक जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद की दिशा में एक सार्थक कदम के रूप में देखी जा रही है।
