फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 सितम्बर 2025 रेल डाक सेवा कार्यालय, फर्रुखाबाद को कायम रखने के संबंध में उठी चिंताओं पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने अपना जवाब भेजा है। यह पत्र उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जपवीर सिंह को संबोधित है।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की जांच विभाग द्वारा कराई जा चुकी है। जांच में पाया गया कि हाल के वर्षों में सेवाओं के डिजिटलीकरण और ई-कॉमर्स क्षेत्र के विस्तार के चलते “परंपरागत आधारित डाक कार्य” की मात्रा में कमी आई है। हालांकि, पैकेज व ई-कॉमर्स डिलीवरी की मांग में वृद्धि दर्ज की गई है।
इसी को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने संसाधनों का बेहतर उपयोग, कनेक्टिविटी में सुधार और ट्रांजिट समय कम करने के उद्देश्य से “मेल पार्सल ऑप्टिमाइजेशन प्रोजेक्ट (MPOP)” लागू किया है। इस परियोजना के अंतर्गत पुराने नेटवर्क को पुनर्गठित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, आईसीटी आधारित नेटवर्क एवं सेवाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया गया है।
श्री सिंधिया ने अपने पत्र में आश्वासन दिया है कि जनता को डाक सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। विभागीय पुनर्गठन से डाक वितरण व्यवस्था और सुगमता आएगी।
इस पत्र के जरिए फर्रुखाबाद के लोगों को यह भरोसा दिलाया गया है कि डाक सेवाएं पहले की तरह सुचारु रूप से चलती रहेंगी और किसी भी स्तर पर आम जनता को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अब देखना यह होगा कि स्थानीय स्तर पर डाक विभाग किस तरह नई तकनीक और नेटवर्क सुधार के साथ सेवाओं को और सशक्त बनाता है।
