फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में जिला प्रशासन ने खनन एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम के साथ ओवरलोड और अवैध खनन सामग्री परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
सुबह के समय जिला खनन अधिकारी संजय प्रताप और एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत की अगुवाई में बघार एवं मोहम्मदाबाद क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान खनन सामग्री का परिवहन कर रहे कई वाहनों की जांच की गई, जिसमें से दो ओवरलोड ट्रक/डंपर सीज कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान खनन विभाग द्वारा ₹40,000 और परिवहन विभाग द्वारा ₹29,000 का जुर्माना लगाया गया। कुल ₹69,000 का दंड वसूला गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह औचक कार्यवाही केवल शुरुआत है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
