फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अक्टूबर 2025 किसानों को ठगने और फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली नकली दवाओं का बड़ा मामला जनपद में सामने आया है। रविवार को कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कुंदन गणेशपुर स्थित मां भवानी बीज भंडार पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली कीटनाशक दवाएं बरामद कीं।
जानकारी के अनुसार, कृषि रक्षा अधिकारी और एक निजी कंपनी के अधिकारी मिलकर इस छापेमारी में शामिल थे। जांच के दौरान दुकान से 46 पैकेट संदिग्ध दवा बरामद की गई, जो टूरो बॉडी कॉन्सुलेशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के नाम पर नकली पैकिंग में तैयार की गई थीं। बताया जा रहा है कि ये दवाएं असली कंपनी की नहीं थीं, बल्कि नकली लेबल लगाकर किसानों को असली बताकर ऊंचे दामों पर बेची जा रही थीं।
किसानों को यह दवाएं आलू की फसल में लगने वाले घुघिया रोग से बचाव के नाम पर बेची जा रही थीं। कृषि अधिकारियों ने बताया कि ऐसी नकली दवाओं से फसल को भारी नुकसान हो सकता था। मौके पर पुलिस ने सभी पैकेट सील कर जब्त कर लिए हैं और दुकान के मालिक से पूछताछ जारी है।
कृषि विभाग ने संकेत दिया है कि क्षेत्र की अन्य दुकानों पर भी जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि नकली उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाई जा सके।
थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि “मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन ने ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखने का आश्वासन दिया है।
