जौनपुर : वीडियो बनाने के विवाद में मारपीट दो घायल

खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के सीधा गांव में पांच दिन पूर्व एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान एक युवक द्वारा महिलाओं का वीडियो बनाने के विवाद में सोमवार की रात दबंगो ने मारपीट कर दो लोगों को घायल कर दिया। घायलों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में कराया गया। जानकारी के अनुसार पांच दिन पूर्व सीधा गांव निवासी पन्नालाल विश्वकर्मा के घर वैवाहिक कार्यक्रम था। महिलाएं पूजा के लिए जा रही थी तभी गांव का ही एक युवक वीडियो बनाने लगा। वहां मौजूद लोगों ने उसे डांट फटकार कर भगा दिया। बीती रात इसी खुन्नस में सुफियान पक्ष के आधा दर्जन लोगों ने पन्नालाल पक्ष के सुरेश कुमार (21) तथा संतोष कुमार (26) को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने पन्नालाल की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ मारपीट व बलवा का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि छेड़छाड़ का मामला नहीं था। एक युवक द्वारा महिलाओं के वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है ।