जौनपुर:शाहगंज में लगा कजरी तीज का मेला


शाहगंज(जौनपुर)
शाहगंज नगर के बुढ़वा बाबा राम जानकी मंदिर पोखरा पर कजरी का आयोजन हुआ। महिलाओं व युवतियों ने जरई को तालाब में प्रवाहित कर उत्सव को आगे बढ़ाया। इस दौरान संस्कार भारती द्वारा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रविवार को कजरी तीज मनाया गया।
सुहागिनें और कुंवारी लड़कियां इस दिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यता है कि भगवान शिव को पाने के लिए माता पार्वती ने भी इस व्रत को किया था। शास्त्रों के अनुसार कजरी तीज का व्रत-पूजन करने से विवाहित स्त्रियों को अखंड सौभाग्यवती का वरदान मिलता है। पति की दीर्घायु होती है। वहीं कुंवारी लड़कियों को इस व्रत के प्रभाव से शिव के समान सुयोग्य वर मिलता है।
प्रत्येक वर्ष भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि को कजरी तीज का पर्व मनाया जाता है। महिलाएं सज-संवरकर भगवान शिव, माता पार्वती, नीमड़ी माता और तीज माता की विधि-विधान से पूजा करने के बाद शाम को चंद्र को अर्घ्य देती है। सांस्कृतिक संगठन संस्कार भारती की द्वारा कजरी महोत्सव का आयोजन किया गया। रविवार को कजरी तीज के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में मेले जैसा माहौल रहा।
संस्था द्वारा कलाकारों के जरिए महिलाओं को मेंहदी लगवाई गई। साथ ही महिलाओं ने कजरी गीत आया रे आया कजरी का त्योहार, मिलाकर गाएं गीतों की मल्हार आदि कजरी गीत व भजन को गया। महिलाओं ने हर्षोल्लास से खरीदारी की और पकवानों की दुकान पर चाट पकौड़े भी खाये। इस अवसर पर अध्यक्ष कृष्णकांत सोनी, कार्यक्रम संयोजक सुशील सेठ बागी, पुरोहित राजेश चौबे, शुभम केशरवानी, विक्की अग्रहरि, मिथुन, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।