जौनपुर:जाप के संस्थापक व सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने किया में समीक्षा बैठक, विकास व विद्युत व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश।

(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जुलाई 2025 जन अधिकार पार्टी के संस्थापक व लोकसभा सांसद माननीय बाबू सिंह कुशवाहा जी ने आज जनपद जौनपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

बैठक में सांसद कुशवाहा ने अधिकारियों से क्षेत्र की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं, फाल्ट सुधार समय, ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती, और अधूरे विकास कार्यों पर सवाल उठाए।

सांसद ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश:

विद्युत आपूर्ति की निरंतरता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। लंबित विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। जनसुनवाई की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए। ट्रांसफॉर्मर फुंकने या लाइन फॉल्ट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाए।

सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि जन समस्याओं को नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने जन अधिकार पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई कि “हर नागरिक को न्याय और विकास का अधिकार है, और इसे सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।” बैठक में जिला प्रशासन, विद्युत विभाग, विकास प्राधिकरण एवं अन्य संबद्ध विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।