जौनपुर : मल्हनी सीट से धनंजय सिंह को निषाद पार्टी टिकट दिलाने से पीछे हटी



जौनपुर: जिले की मल्हनी विधानसभा सीट से भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी ने अपना दावा छोड़ दिया है। पार्टी ने तय किया है कि उपचुनाव में इस सीट से अपना प्रत्याशी न उतारकर पार्टी नेता व कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे। निषाद पार्टी ने धनंजय सिंह को चुनाव लड़ाने के लिए उपचुनाव में मल्हनी विधानसभा सीट देने का दबाव भाजपा पर बनाया था। निषाद पार्टी के अध्यक्ष डा. संजय निषाद ने कहा है कि मल्हनी से पार्टी ने अपने पूर्व प्रत्याशी धनंजय सिंह को उपचुनाव में टिकट दिलाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन इस पूर्व प्रत्याशी ने 2019 के आमचुनाव में भाजपा का विरोध किया था। निषाद पार्टी को छोड़ विरोधी पार्टी का प्रचार किया। इनके कृत्यों और क्रियाकलापों से भाजपा नेतृत्व खुश नहीं है। पार्टी ने तय किया है कि उपचुनाव से न सरकार बनेगी और न बिगड़ेगी। उपचुनाव में निषाद बाहुल्य सीटों पर भाजपा नेतृत्व से मांग की गई है कि एक-दो सीटों पर वह निषाद पार्टी के सिंबल पर अपना प्रत्याशी उतारे। विपक्षी प्रत्याशियों को जानने के बाद भाजपा खोलेगी अपने पत्तेभाजपा ने इस विधानसभा सीट को जीतने के उद्देश्य से कई बैठकें कर ली हैं। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह क्षेत्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश लगातार दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हाल ही में जौनपुर गए थे। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव लगातार मल्हनी जा रहे हैं। भाजपा उपचुनाव में यह सीट से सपा को इस बार सपा के हाथ में नहीं जाने देगी। पूरी रणनीति के तहत पार्टी यहां काम कर रही है। विपक्ष के प्रत्याशियों के पत्ते खुलने के बाद ही भाजपा अपने पत्ते खोलेगी। दो-तीन प्रत्याशियों के नामों पर पार्टी में मंथन चल रहा है। इस सीट को निकालने के लिए भाजपा यहां से ओबीसी पर दांव लगा सकती है।