जौनपुर: दुकान में टकराई कार, बाल-बाल बचे दर्शनार्थी

निर्माणाधीन वाराणसी-लखनऊ फोरलेन बाईपास पर थाना क्षेत्र के उसरा बाजार में शुक्रवार को एक कार दुकान से टकरा गई। विध्यवासिनी धाम में बच्ची का मुंडन कराने व दर्शन-पूजन करने जा रहे कार सवार परिवार की एक महिला को चोटें आईं अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मुंडन कार्यक्रम स्थगित कर सभी लोग वापस लौट गए।

सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के शोभीपुर गांव निवासी सूबेदार सूर्य नारायण सिंह कार से सपरिवार अपनी पौत्री का मुंडन संस्कार कराने विध्याचल जा रहे थे। कार उसरा बाजार पहुंची तो अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूर्य नारायण सिंह की पुत्री प्रियंका सिंह के सिर में गहरी चोट आई, कितु अन्य सभी बाल-बाल बच गए। प्रियंका सिंह का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिवार दूसरे वाहन से वापस घर लौट गया। सुल्तानपुर में एक निजी अस्पताल में प्रियंका का उपचार चल रहा है।