जौनपुर:जब्त की गई 20 किलो प्लास्टिक, लगाया गया 30 हजार का जुर्माना


शाहगंज(जौनपुर): सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध के बाद से शाहगंज कस्बे में सोमवार को फिर से प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चला। सोमवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में छापा मारकर 20 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी गई। दुकानदारों पर 30 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर एक जुलाई से ही पूर्ण प्रतिबंध लग चुका है। इस संबंध में कई बार मीडिया और अन्य माध्यमों से सूचना लोगों तक पहुंचाई गई है। अब स्वयं टीम जाकर निरीक्षण कर रही है और प्रतिबंधित प्लास्टिक के विक्रेताओं की धर-पकड़ कर रही है। इसी कड़ी में सोमवार को दोपहर में नगर पालिका की टीम ने कोतवाली रोड स्थित गोपाल पुत्र घूरे के दुकान पर छापेमारी की। इसके बाद डाकखाना तिराहा स्थित श्रीबालाजी राजस्थानी स्वीट्स पर छापा मारा गया। दोनों जगहों पर मिलाकर टीम ने करीब 20 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की और 30 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।