जौनपुर : जब्त किया गया 13 किलो प्लास्टिक, वसूला गया 25 हजार का जुर्माना


शाहगंज(जौनपुर) – सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के बाद से शाहगंज कस्बे में भी प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में तेजी आ गई है। बुधवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में छापा मारकर 13 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी गई। दुकानदार पर 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर एक जुलाई से ही पूर्ण प्रतिबंध लग चुका है। इस संबंध में कई बार मीडिया और अन्य माध्यमों से सूचना लोगों तक पहुंचाई गई है। अब स्वयं टीम जाकर निरीक्षण कर रही है और प्रतिबंधित प्लास्टिक के विक्रेताओं की धर-पकड़ कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को दोपहर में नगर पालिका की टीम श्रीरामपुर रोड स्थित मंसूर अहमद की दुकान पर छापेमारी के लिए पहुंची। यहां पर टीम को करीब 13 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद हुई। बरामद प्लास्टिक के जब्त करते हुए दुकानदार पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।