बरेली- पूरनपुर रेलवे खण्ड का गहन निरीक्षण किया

बरेली : रेलवे संरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर परिक्षेत्र, लखनऊ मोहम्मद लतीफ खान ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण श्री राजीव कुमार, मंडल रेल प्रबंधक श्री आशुतोष पंत, मुख्य इंजीनियर निर्माण (पश्चिम) श्री ए.के. सिंह, मुख्य इंजीनियर (टीएमसी) श्री सुनील कुमार गुप्ता, रेल विकास निगम लिमिटेड के मुख्य परियोजना अधिकारी श्री राजेश श्रीवास्तव एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नव आमान परिवर्तित मैलानी-शाहगढ़ (44.26 किमी) रेल खंड के निरीक्षण के अंतर्गत प्रथम दिवस 27 दिसम्बर, 2021 को मैलानी- पूरनपुर रेल खंड का गहन निरीक्षण किया। अगले दिवस 28 दिसम्बर, 2021 को पूरनपुर- शाहगढ़ का गहन निरीक्षण करेंगे। रेल संरक्षा आयुक्त ने मार्गवर्ती सभी बडे़ एवं छोटे पुलों, समपारों, कर्वों, प्वाइंट्स, स्टेशन पैनलों आदि का मोटर ट्रॉली के द्वारा गहन निरीक्षण किया। 28 दिसम्बर, 2021 को रेल संरक्षा आयुक्त विशेष ट्रेन द्वारा शाहगढ़ – मैलानी रेल खंड का गति परीक्षण किया।

विदित हो कि मैलानी-पीलीभीत (67 किमी) रेल खंड का आमान परिवर्तन कार्य की स्वीकृति रु. 571 करोड़ की अनुमानित लागत से प्रदान की गई थी। आमान परिवर्तन कार्य हेतु पीलीभीत-मैलानी रेल खंड को 30 मई, 2018 बंद कर दिया गया था। प्रथम चरण में मैलानी-शाहगढ़ (44.26 किमी) रेल खंड का आमान परिवर्तन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस रेल खंड पर 7 बड़े, 25 पुल, 11 समपार एवं 9 सीमित ऊँचाई वाले पुल बनाये गये हैं। साथ ही सेहरामऊ, दुधिया खुर्द, पूरनपुर तथा शाहगढ़ स्टेशनों का नया भवन बनाया गया है। इसके अतिरिक्त पूरनपुर में माल गाड़ियों के लिए रेक हैंल्डिंग साइडिंग की व्यवस्था की गई।