फर्रुखाबाद में स्वदेशी उत्पादों की चमक: जनपद स्तरीय ट्रेड शो-2025 में उमड़ा उत्साह

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चल रहे जनपद स्तरीय ट्रेड शो-2025 स्वदेशी मेला का आज चौथा दिन क्रिश्चन कॉलेज ग्राउंड, फर्रुखाबाद में हर्ष और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। 9 अक्टूबर से प्रारंभ हुए इस मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार और स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है।

आज के कार्यक्रम में विधायक अमृतपुर श्री सुशील शाक्य, भा०ज०पा० जिलाध्यक्ष श्री फतेहचन्द्र वर्मा, संयोजक श्री डी०एस० राठौर (जिला महामंत्री), श्रीमती रश्मि दुबे (जिला उपाध्यक्ष भा०ज०पा०), श्रीमती अनुराधा दुबे (ब्लॉक प्रमुख कायमगंज) तथा पूर्व सभासद श्री आसिफ मंसूरी (नई बस्ती, कायमगंज) ने मेले में पहुंचकर विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया और उत्पादों की खरीदारी की। कार्यक्रम में लगभग 950 लोगों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) टूलकिट प्रशिक्षण योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। लाभार्थियों ने बताया कि टूलकिट प्राप्त होने से उन्हें स्वावलंबन और रोजगार के नए अवसर मिले हैं।

दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए मेले में दीपक, रूई, अगरबत्ती और अन्य स्वदेशी उत्पादों के आकर्षक स्टॉल सजाए गए हैं, जिनसे जनमानस ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की।उपायुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि कल, 13 अक्टूबर 2025 को श्री शशिकान्त पाण्डेय एवं उनकी टीम द्वारा ब्रज होली तथा श्री नवीन मिश्रा द्वारा लोक कला एवं संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जनपद प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुँचकर स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करें और स्थानीय उद्यमियों का मनोबल बढ़ाएँ।