फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित की

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने आज संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पीड़ितों को राहत सामग्री प्रदान की। निरीक्षण की शुरुआत जमापुर मोड़ स्थित बाढ़ राहत सामग्री के स्टोर से हुई, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद अधिकारीगण अमृतपुर तहसील के गोटिया पहुंचे और रामपुर जोगराजपुर गांव के 382 बाढ़ प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से निःशुल्क राहत सामग्री वितरित की। तत्पश्चात अर्रा पहाड़पुर मंडी स्थित बाढ़ शरणालय का दौरा कर वहां रह रहे कटरी धर्मपुर के 210 बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी पीड़ितों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने, नगर पालिका को फॉगिंग कराने और बच्चों की पढ़ाई के लिए आंगनवाड़ी एवं स्कूल शिक्षकों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही पके हुए भोजन और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इसके उपरांत रहमानिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में बने बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया गया, जहां 158 लोग शरण लिए हुए हैं। जिलाधिकारी ने उनकी समस्याएं सुनीं और उपजिलाधिकारी को सभी आवश्यक सुविधाएं एवं पका भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मौके पर लगाए गए मेडिकल कैंप का भी उन्होंने निरीक्षण किया।

अंत में जिलाधिकारी धारा नगरी पहुंचे और कटरी धर्मपुर के 285 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री प्रदान की। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

यह राहत अभियान प्रशासन की बाढ़ प्रभावितों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता का प्रतीक है।