फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 नबम्बर 2025 पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मा. मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत विभिन्न लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं के तहत सहायता सामग्री व प्रमाणपत्र वितरित करके की गई।
लाभार्थियों को सामग्री व प्रमाणपत्र वितरण
बैठक के प्रारंभ में कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को उपकरणों की चाबियाँ प्रदान की गईं। श्रीमत मधुबाला को कम्बाइन हार्वेस्टर (अनुदान ₹10,19,700), उमेश चंद्र को लेजर लैंड लेवलर (अनुदान ₹1,35,000)
इसके बाद मंत्री जी ने 10 विद्यार्थियों को टैबलेट, उद्यान विभाग द्वारा 09 किसानों को संकर सब्जी बीज, तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 05 बच्चों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
इसी क्रम में सीएम आवास योजना के 02 लाभार्थियों को चाबियाँ दी गईं। एनआरएलएम के तहत 126 समूहों को 37.80 लाख रुपए का रिवॉल्विंग फंड, एवं युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के 05, समाज कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के 03, तथा वृद्धावस्था पेंशन के 01 लाभार्थी को प्रमाणपत्र सौंपे गए।
तटबंध परियोजना और बाढ़ प्रबंधन पर चर्चा
पिछली समीक्षा बैठक के निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री जी ने गंगा नदी पर तटबंध निर्माण से संबंधित सर्वेक्षण की जानकारी मांगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 465.80 करोड़ की परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिस पर कुछ आपत्तियाँ आई हैं। मंत्री जी ने निर्देश दिया कि सांसद, विधायक एवं जिलाधिकारी के साथ बैठक कर आपत्तियों का निस्तारण कराया जाए और तटबंध क्षेत्र में आने वाले परिवारों की संख्या का सर्वे भी कराया जाए।
सांसद जी ने बाढ़ प्रभावित विस्थापितों के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विद्युत, सड़क और जल परियोजनाओं पर नाराजगी
अधिकारियों ने जानकारी दी कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। NHAI द्वारा बेबर रोड पर गड्ढों और नाले की ऊँचाई को लेकर शिकायत पर मंत्री ने PWD व अन्य विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए।
हर घर जल परियोजना की खराब स्थिति पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और सुधार न होने पर कार्यवाही करने को कहा। इसी प्रकार, अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग पर भी असंतोष जताया गया।
स्थापना दिवस व अन्य जनहित मुद्दे
मंत्री जी ने निर्देश दिया कि जनपद स्थापना दिवस को श्री राम नगरिया मेले में जिला महोत्सव दिवस के रूप में मनाया जाए। सांसद ने साहबगंज पावर हाउस के जेई को हटाने की मांग रखी।
पटेल पार्क में सरदार पटेल की मूर्ति के सौंदर्यीकरण तथा रानी अवंतीबाई लोधी की मूर्ति स्थापना की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने उपयुक्त स्थान चिह्नित होने की जानकारी दी।
कृषि व खरीद केंद्रों पर शिकायतें
विधायक अमृतपुर ने यूरिया की महंगी बिक्री की शिकायत उठाई। सांसद ने मक्का क्रय केंद्रों पर किसानों की उपज न खरीदे जाने की समस्या बताई। मंत्री जी ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी क्रय केंद्रों की खरीद की जांच कराई जाए और खरीद केवल किसानों से की जाए।
मंत्री के निर्देश
निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण हो, लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों को मिले। सभी विभाग समीक्षा निर्देशों का समयबद्ध पालन करें
बैठक में उपस्थित
बैठक में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र राठौर, विधायक कायमगंज डॉ सुरभि, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
