फर्रुखाबाद में आईजीआरएस समीक्षा बैठक, जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आईजीआरएस निस्तारण से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उन अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की, जिन्होंने आवेदकों से संपर्क स्थापित नहीं किया था।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आवेदकों से वार्ता न करना अनुशासनहीनता है और इसे अपराध की श्रेणी में माना जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक अधिकारी 100 प्रतिशत आवेदकों से संवाद करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने तहसीलदार अमृतपुर, कायमगंज, जीएम डीआईसी, बीडीओ राजेपुर, एक्सईएन आवास विकास, एक्सईएन जल निगम ग्रामीण, एक्सईएन हाइडिल, पूर्ति निरीक्षक अमृतपुर तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी कमालगंज व नवाबगंज को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले आईजीआरएस चेक करें और शिकायतों का निस्तारण अपनी निगरानी में कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि डिफाल्टर होने से तीन दिन पहले ही आईजीआरएस पर स्पष्ट और गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड हो जाए।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों की लापरवाही से जिले की रैंकिंग प्रभावित हुई है, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाए। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कठोर और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और शिथिलता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, डीएफओ राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।