समिट बिल्डिंग के पास किन्नरों का हाई वोल्टेज ड्रामा, बीच सड़क उतारे कपड़े

लखनऊ में समिट बिल्डिंग के सामने हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। यहां किसी बात पर दो किन्नरों में आपस में बहस हो गई। यह बहस, मारपीट और फिर अश्लीलता तक पहुंच गई। दोनों ने एक-दूसरे पर थप्पड़ बरसाए। गुस्से में एक ने कपड़े उतार लिए। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
राजधानी के पॉश इलाके में ऐसा ड्रामा देखकर आसपास के लोग सहम गए। राह चलती लड़कियां-महिलाएं वहां से भागने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वहां पुलिसकर्मी भी खड़े थे, लेकिन उन्होंने भी रोकने की जहमत नहीं उठाई। करीब 20-25 मिनट तक यह ड्रामा सड़क के बीचों-बीच चलता रहा।
जो वीडियो सामने आया है उसमें नजर आ रहा है कि दो किन्नरों में बहस हो रही है। एक युवक उनको समझाने का प्रयास कर रहा है। इसी बीच, एक किन्नर दौड़ते हुए बीच सड़क पर पहुंच जाती है।
वह अपने सारे कपड़े उतार देती है। इसके बाद दोनों किन्नर एक-दूसरे का बाल पकड़कर मारने-पीटने लगते हैं। तीसरी किन्नर बीच बचाव की जगह मारपीट में शामिल हो जाती है। ये देखकर लोगों की भीड़ तो जमा हो जाती है, लेकिन कोई भी उनको रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है।

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ये तीनों किन्नर समिट के बाहर ही घूम-घूमकर ग्राहकों का इंतजार कर रही थी। इसी बीच, ग्राहक के साथ जाने को लेकर उनमें आपस में झगड़ा हो गया। लोगों ने बताया कि सभी किन्नर शराब के नशे में थीं
हालांकि, आधे घंटे बाद दूसरे किन्नरों ने बीच बचाव कर सभी को घर भेजा। समिट बिल्डिंग के पास रहने वाले लोग भी इस पूरी घटना में सहम गए। उनका कहना है कि इस तरह की हरकत में किसी भी दिन बड़ी घटना हो सकती है। कई बार पुलिस को कंप्लेंट की, लेकिन उनका कोई रिस्पांस नहीं आता है।
अब पढ़िए समिट में बवाल की सिलसिलेवार खबर….लखनऊ में गोमती नगर स्थित समिट बिल्डिंग में रविवार को हंगामा हुआ था। यहां क्रिसमस पार्टी के दौरान जय श्रीराम के नारे लगे थे। दरअसल, शराब के नशे में दो गुटों में मारपीट हो गई। बेल्ट से एक-दूसरे पर हमला किया। इसमें कई लड़के घायल हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को फोन किया गया। जब तक पुलिस पहुंची तब तक उपद्रवी भाग निकले।
दरअसल, समिट बिल्डिंग की 13वीं फ्लोर पर पार्टी चल रही थी। छुट्‌टी का दिन होने के चलते काफी भीड़ थी। अचानक लड़कों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। स्टॉफ ने लड़कों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, वह नहीं माने। लड़कों ने बेल्ट निकाल ली और एक दूसरे को मारना शुरू कर दिया।
यह देखकर एक गुट के लड़कों ने जय श्री राम के नारे लगाने शुरू कर दिए। क्रिसमस पार्टी में अचानक जय श्री राम के नारे लगने से लोग चौंक गए। हंगामा बढ़ता देखकर लड़कियों के साथ यहां आए लड़के पार्टी छोड़कर जाने को मजबूर हो गए।
घटना के जो वीडियो सामने आए हैं। इसमें सुरक्षा गार्ड तमाशबीन नजर आ रहे हैं। वह लड़कों को रोकने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। हालांकि, जब पुलिस की गाड़ी बिल्डिंग के नीचे पहुंचने के बाद उपद्रवी भाग निकले। पुलिस 13 फ्लोर पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही रही थी, तभी फर्स्ट फ्लोर पर भी कुछ और लड़के नशेबाजी में भिड़ गए। हालांकि किसी को पकड़ा नहीं जा सका।
यह पहला मौका नहीं है, जब समिट बिल्डिंग में नशेबाजी को लेकर विवाद हुआ है। इसके पहले भी यहां विवाद हुआ है। वहां पर चौकी भी खोली गई, लेकिन कोई खास सुधार नहीं हुआ। सूत्रों के मुताबिक रविवार रात को पहले BOOM BOX फिर VINTAGE MACHINE में मारपीट हुई। विभूति खंड इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक नशेबाजी में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले उपद्रवी भाग गए थे। मामले की जांच की जा रही है।