फर्रुखाबाद के थाना कादरीगेट क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बढ़पुर में हुआ। मृतकों की पहचान नूनहाई निवासी संभव मिश्रा और फतेहगढ़ी पुलिस लाइन निवासी प्रवीन यादव के रूप में हुई है।संभव मिश्रा कानपुर के PSIT कॉलेज में बीटेक का छात्र था। वह अपने दोस्त निश्चय अग्निहोत्री के साथ फतेहगढ़ में एक शादी समारोह से लौट रहा था। प्रवीन यादव डोमिनोज में फूड डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। दोनों की बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। लोगों की मानें तो टक्कर इतनी जोरदार थी कि संभव मिश्रा सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद कुछ देर तक राहगीर रुकने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। कुछ मिनटों बाद, मौके पर मौजूद फूड डिलीवरी बॉय के साथियों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।संभव मिश्रा को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बाद में शव को लोहिया अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल प्रवीन यादव ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरा युवक निश्चय अग्निहोत्री को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।यह हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज के अनुसार, फूड डिलीवरी बॉय की तेज रफ्तार बाइक ही टक्कर का मुख्य कारण बताई जा रही है। प्रवीन यादव विवाहित थे और उनकी पत्नी की डिलीवरी जल्द होने वाली थी। मृतक संभव मिश्रा के पिता राजन मिश्रा जिला सूचना विभाग में कार्यरत हैं। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही लोहिया अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संवाददाता विनेश कुमार कायमगंज
