फर्रुखाबाद में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जून 2025 को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद फर्रूखाबाद के मण्डी सातनपुर स्थल पर एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों से लेकर जिले के आला अधिकारी और सैकड़ों की संख्या में योग साधकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना और लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त त्रिवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ,मण्डलायुक्त कानपुर के. विजयेन्द्र पांडियन, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने योग को न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन और जीवन में अनुशासन का आधार बताया।

 सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन जीने की राह दिखा रही है।” जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आमजन से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर एक स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएँ।इस अवसर पर छात्रों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के प्रति अपनी जागरूकता व प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रशासन द्वारा प्रतिभागियों को जलपान एवं योग सामग्री वितरित की गई। समस्त व्यवस्था शांतिपूर्ण व अनुशासित रही।