फर्रुखाबाद:ग्राम पंचायत पट्टी दारापुर में प्रधान प्रतिनिधि तीसराम ने बांटे कंबल, भीषण सर्दी में गरीबों को मिली राहत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 दिसंबर 2025 अमृतपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पट्टी दारापुर में भीषण ठंड के प्रकोप को देखते हुए शनिवार को गरीब व जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण कार्यक्रम ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तीसराम के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिससे सर्दी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।

कार्यक्रम के दौरान लेखपाल आशीष यादव, मौजूदा ग्राम प्रधान रामशरण, प्रधान प्रतिनिधि तीसराम, पंचायत सहायिका रंजीत सहित अन्य ग्रामीणजन मौजूद रहे। कंबलों का वितरण ग्राम प्रधान द्वारा तैयार की गई सूची के आधार पर किया गया, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंच सके।

जानकारी के अनुसार, सर्दी का मौसम अपने चरम पर है और इसका सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर व असहाय वर्ग पर पड़ रहा है। आर्थिक तंगी के कारण कई लोग पर्याप्त गर्म कपड़ों की व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं और अलाव के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर हैं। ऐसे में कंबल वितरण से उन्हें ठंड से बचाव में मदद मिली है।

यह अभियान उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा एवं जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गरीब व्यक्ति सर्दी के कारण परेशान न हो।

कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर संतोष और राहत साफ दिखाई दी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य जरूरतमंदों के लिए बेहद सहायक साबित होते हैं।