फर्रुखाबाद के किसानों के लिए खुशखबरी: 31 जुलाई तक कराएं खरीफ फसल का बीमा, मिल सकती है लाखों की क्षतिपूर्ति।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जुलाई 2025 जिले के समस्त किसान भाइयों को सूचित किया जाता है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के अंतर्गत खरीफ सत्र 2025 की फसलों के लिए बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। यह योजना प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।

बीमा योजना का लाभ कैसे उठाएं?

किसान भाई निम्न माध्यमों से अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं:

बैंक शाखा

जन सेवा केंद्र (CSC)

भारत सरकार का फसल बीमा पोर्टल www.pmfby.gov.in

एचडीएफसी एर्गो फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि

बीमा के लिए आवश्यक दस्तावेज:

आधार कार्ड

बैंक खाता विवरण

भूमि स्वामित्व प्रमाण

मोबाइल नंबर

अधिसूचित फसलें

फर्रुखाबाद जनपद में धान, मक्का, बाजरा और तिल को अधिसूचित किया गया है, जिनका बीमा किया जा सकता है।

प्रीमियम दर

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को बीमित राशि का केवल 2% प्रीमियम देना होगा। शेष राशि राज्य और केंद्र सरकार वहन करती हैं।

लाभार्थियों को मिली क्षतिपूर्ति

खरीफ 2023 में 808 कृषकों को ₹85.08 लाख

खरीफ 2024 में 6709 कृषकों को ₹686.44 लाख की क्षतिपूर्ति बीमा कंपनी द्वारा प्रदान की गई।

किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारकों के लिए विशेष सुविधा

जिन किसानों के पास किसान क्रेडिट कार्ड है, उनकी फसल का बीमा संबंधित बैंक शाखा द्वारा स्वतः किया जाता है। जिनके पास KCC नहीं है, वे निर्धारित प्रीमियम जमा कर जन सेवा केंद्र के माध्यम से बीमा करा सकते हैं।

संपर्क सूत्र

अधिक जानकारी व सहायता हेतु किसान भाई निम्नलिखित स्थानों पर संपर्क कर सकते हैं:

अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र

एचडीएफसी एर्गो फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि

राजकीय कृषि बीज भंडार

उप कृषि निदेशक कार्यालय, फर्रुखाबाद

नोट: फसल बीमा केवल आपकी फसल की रक्षा नहीं करता, बल्कि अनिश्चित मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करता है। समय रहते बीमा कराएं और भविष्य की जोखिमों से सुरक्षित रहें।