फर्रूखाबाद में निशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह, दिव्यांगों और वरिष्ठजनों को मिली नई उम्मीद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 सातनपुर मंडी परिसर में आज एक भव्य सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) कानपुर एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के अंतर्गत संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठजनों एवं दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री बी.एल. वर्मा, माननीय राज्य मंत्री (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार) ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद मुकेश राजपूत ने की। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष, भोजपुर विधायक, अमृतपुर विधायक, कायमगंज विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

263.33 लाख की लागत से 6966 उपकरण वितरित

कार्यक्रम में कुल 263.33 लाख रुपये की कीमत के 6966 सहायक उपकरण और यंत्र लाभार्थियों को वितरित किए गए। इनमें शामिल हैं: 221 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 615 ट्राइसाइकिल, 416 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 09 सी.पी. चेयर, 592 बैसाखियां, 1002 छड़ियां, 18 ब्रेल केन, 05 रोलेटर, 622 कान की मशीनें, 04 टीएलएम किट, 15 सुगम्य केन, 02 एडीएल किट, 01 सेल फोन, 282 कुर्सी-कमोड, 446 सिलिकोन तकिए, 1634 नी ब्रेस, 40 स्पाइनल सपोर्ट, 786 एलएल बेल्ट, 15 वॉकिंग स्टिक सीट सहित, 142 सर्वाइकल कॉलर, 28 टेट्रापोड, 35 ट्राईपोड, 36 फोल्डेबल वॉकर।

इसके अतिरिक्त, माननीय मंत्री श्री वर्मा ने स्वयं 13 लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर एवं कान की मशीन व्यक्तिगत रूप से भेंट की।

सेवा पखवाड़ा” से जुड़ा आयोजन

अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्री वर्मा ने बताया कि यह आयोजन “सेवा पखवाड़ा” के तहत किया गया है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितम्बर) से 2 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा— “प्रधानमंत्री जी ने दिव्यांगता की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 किया है। साथ ही ‘दिव्यांग’ शब्द का प्रचलन देकर समाज में सकारात्मक सोच और सम्मानजनक दृष्टिकोण की शुरुआत की।”

जिलाधिकारी का संबोधन

जिलाधिकारी फर्रूखाबाद ने दिव्यांगजनों को आश्वस्त करते हुए कहा—“दिव्यांगजन कभी स्वयं को असहाय न समझें। सरकार और प्रशासन सदैव उनके साथ खड़ा है और उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।”

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान एनएकेपी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी अतिथियों का मन मोह लिया।

विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जीएम एलिम्को, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन व उनके परिजन मौजूद रहे।

यह आयोजन न केवल दिव्यांगजनों और वरिष्ठजनों के लिए सहायक सिद्ध होगा बल्कि उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।