फर्रुखाबाद में गांधी जयंती पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण व विचार गोष्ठी आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अक्टूबर 2025 राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सभी को स्वच्छता, सादगी और ईमानदारी की शपथ दिलाई।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर जिला आबकारी अधिकारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित अन्य अधिकारियों ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन दर्शन पर अपने विचार रखे।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि महापुरुषों के श्रेष्ठ गुणों को अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति थे, और हमें उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल समेत अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। मौके पर सभी ने राष्ट्रनिर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने और गांधी-शास्त्री जी के सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।