(द दस्तक 24 न्यूज़), 26 जुलाई 2025 जनपद समेत उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में 10 अगस्त से फाइलेरिया (हाथी पांव) उन्मूलन अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इस अभियान के तहत लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। इसी संबंध में एसडीएम सदर रजनीकांत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम सदर ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और दवा का सेवन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और फाइलेरिया जैसी लाईलाज बीमारी से बचाव का एकमात्र उपाय भी।
बैठक में उपस्थित सिविल अस्पताल लिंजीगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राणा प्रताप ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलती है और इसका कोई स्थायी इलाज नहीं है। लेकिन हर वर्ष चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में दी जाने वाली दवा का सेवन करके इस बीमारी से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर मलेरिया विभाग के श्री राम शुक्ल, नेत्र परीक्षण अधिकारी संजय बॉथम, पीसीआई की संगीता, विश्व स्वास्थ्य संगठन से धीरेन्द्र, यूनिसेफ से अनुराग मिश्र और सल्तनत पाथ से डॉ. नवीन समेत कई स्वास्थ्यकर्मी और अधिकारी मौजूद रहे। जनपद प्रशासन की अपील है कि 10 अगस्त से शुरू होने वाले इस अभियान में सभी नागरिक भागीदारी निभाएं और फाइलेरिया से सुरक्षित जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
