फर्रुखाबाद:धर्म कांटे के पास डीसीएम की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल, चालक फरार।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जुलाई 2025 इटावा-बरेली हाईवे पर मेजर एस.डी. सिंह मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित धर्म कांटे के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब एक छोटा डीसीएम (वाहन संख्या: UP 30 AT 6843) ने मोड़ते समय एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।

घायल युवक की पहचान नवीन चंद्र पुत्र खुन्नी लाल निवासी जैतपुर के रूप में हुई है। टक्कर के बाद डीसीएम का चालक मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को सूचना दी। साथ ही पास ही स्थित मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस को भी जानकारी दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नवीन चंद्र को एंबुलेंस की मदद से तुरंत लोहिया अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की हालत अत्यंत गंभीर है। पुलिस ने वाहन की पहचान कर ली है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है।