फर्रुखाबाद:कायमगंज विधानसभा में मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की कार्यशाला सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 नवम्बर 2025 कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के सीपी गेस्ट हाउस में आज मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान कार्यक्रम की जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा पूरे देश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत नए मतदाताओं का पंजीकरण एवं पुराने मतदाताओं का सत्यापन कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक स्तर पर भाजपा ने इस अभियान को जन-आंदोलन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा, “प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता टीम बनाकर घर-घर पहुंचें, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ें और पुराने मतदाताओं का सत्यापन करें। जो मतदाता अब उस क्षेत्र से संबंधित नहीं हैं, उन्हें सूची से हटवाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग करें।”

श्री गुप्ता ने आगे कहा कि आगामी पंचायत और 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह 100 दिन का अभियान भाजपा के लिए बेहद अहम है। इस दौरान हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी की जीत की रणनीति मजबूत करनी होगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी द्वारा मतदाता सूची को शुद्ध करने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और अवैध मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूची से बाहर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा और जनसंख्यिकीय अखंडता को मजबूत करना है।

पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य एवं कायमगंज नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष मिथिलेश अग्रवाल ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को SIR अभियान को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी वैध मतदाता सूची से बाहर न हो और गैर-क्षेत्रीय मतदाता सूची में शामिल न रह सके।

कार्यक्रम के दौरान किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. बी. के. गंगवार, ब्लॉक प्रमुख पति अरुण दुबे, अभियान संयोजक जय गंगवार, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, अमर गुप्ता, श्रीकृष्ण गौतम, ऋषिपाल सिसोदिया, रामलखन राजपूत, देवेंद्र दुबे सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने आगामी चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए भाजपा के संगठनात्मक सशक्तिकरण और मतदाता सूची की शुद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।