फर्रुखाबाद: सपा मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर कार्यकर्ताओं में आक्रोश, थाने में दी तहरीर

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त रोष देखने को मिला। बुधवार को सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष शिवम यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर थाना नवाबगंज पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष शिवम यादव ने बताया कि फेसबुक पर “Thakur Arvind Singh Rajputana” नामक आईडी, जो कि कुतुबुद्दीनपुर निवासी बताई जा रही है, द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लाइव प्रसारण पर भद्दी और अभद्र टिप्पणी की गई। उन्होंने बताया कि उस टिप्पणी के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे गए हैं।

शिवम यादव ने थानाध्यक्ष को दिए गए शिकायत पत्र में कहा कि यह टिप्पणी न केवल समाजवादी पार्टी बल्कि उसके सभी समर्थकों के आस्थाभाव को ठेस पहुँचाने वाली है। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट व अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिवम यादव ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो हम समाजवादी आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे।”

थानाध्यक्ष नवाबगंज ने मामले को साइबर सेल में भेजकर जांच करवाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इस मौके पर राजपाल यादव एडवोकेट, आनंद यादव, सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि समाजवादी पार्टी अपने नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।