फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2025 जनपद की पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ की सदस्य श्रीमती सुनीता सैनी दिनांक 06 अगस्त 2025 को पूर्वान्ह 11:00 बजे जनपद फतेहगढ़ स्थित विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई करेंगी।
इस जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के उत्पीड़न की शिकायतों को सुनना तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता चौपाल एवं स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी जाएगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अनिल चन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला या बालिका अपनी शिकायत या समस्या को लेकर निर्धारित समय पर विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में उपस्थित होकर माननीय सदस्य महोदया के समक्ष अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकती हैं।
यह जनसुनवाई महिला अधिकारों की रक्षा, त्वरित न्याय व्यवस्था एवं कल्याणकारी योजनाओं के लाभ को जन-जन तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास है। जिला प्रशासन ने जनपद के समस्त नागरिकों विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं साझा करें।
