फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत पंचालघाट पर छठ पूजा के पावन अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत उपस्थित महिला श्रद्धालुओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे तत्काल 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 181 (महिला सहायता सेवा) पर कॉल कर सकती हैं। साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें यह विश्वास दिलाना था कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं, जिन्होंने पुलिस के इस कदम की सराहना की।
