फर्रुखाबाद:जमीन विवाद को लेकर महिला ने लगाई न्याय की गुहार, ताऊ पर लगाया अवैध कब्जे और धमकी देने का आरोप।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2025 थाना कमालगंज क्षेत्र के फतेउल्लापुर गांव निवासी दीपिका पुत्री स्वर्गीय गुरुबक्श उर्फ राकेश ने जमीन विवाद और पारिवारिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। दीपिका ने अपने ताऊ कैलाश पर न केवल पारिवारिक बंटवारे की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है, बल्कि अवैध कब्जे और मारपीट की भी शिकायत दर्ज कराई है।

दीपिका के अनुसार, उनके पिता गुरुबक्श, ताऊ रामलखन और कैलाश के बीच पारिवारिक संपत्ति का आपसी बंटवारा हुआ था। जिसमें सभी भाइयों को एक-एक मकान और 3-3 डिसमिल जमीन दी गई थी। परंतु उनके पिता को जो मकान मिला, उसमें एक अतिरिक्त कमरा और बरामदा था। इसके बदले में उन्होंने अपनी 3 डिसमिल जमीन ताऊ कैलाश को दे दी थी। लेकिन अब कैलाश की नियत बदल गई है और उन्होंने 6 डिसमिल जमीन बेच दी, साथ ही उस कमरे और बरामदे पर भी अवैध कब्जा कर लिया, जो दीपिका के पिता को मिला था।

दीपिका का आरोप है कि उनके विरोध करने पर 13 जुलाई को उनके ताऊ कैलाश, शेरसिंह, अजय, विजय और मीना देवी ने गाली-गलौज करते हुए उनकी बहन देवकी के साथ मारपीट की। उन्होंने 1076 पर शिकायत भी दर्ज कराई, परंतु उल्टे शांति भंग में उनका ही चालान कर दिया गया। दीपिका ने यह भी बताया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

दीपिका ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें उनके पिता को प्राप्त कमरे और बरामदे का कब्जा दिलाया जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए।

स्थानीय प्रशासन से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है, परंतु पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।