फर्रुखाबाद: भैंस के भागने से जंजीर फंसी महिला के घिसटने से मौत ?

मोहम्मदाबाद। भैंस के अचानक बिदकने से हाथ में फंसी चेन के साथ महिला के जमीन पर दूर तक घिसटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे लोहिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा है।कोतवाली क्षेत्र क्षेत्र के गांव नगला भवानी सिंह निवासी छविनाथ सिंह की पत्नी धन देवी (30) गुरुवार सुबह करीब नौ बजे घर के बाहर बंधी भैंस को ट्यूबवेल पर बांधने के लिए ले जा रही थीं। कुछ दूरी पर बढ़ते ही अचानक भैंस विदक कर भागने लगी। धन देवी के हाथ में भैंस की जंजीर का कड़ा फंसा होने से वह भी जंजीर के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गईं। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे भैंस को चारों तरफ से घेरकर पकड़ा। जंजीर में फंसी महिला को जंजीर से अलग कर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने धनदेवी को मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो पुत्रियां काव्या (7) तथा त्रिशा (2) हैं। पति छविनाथ सिंह खेतीबाड़ी करते हैं।

संवाददाता : विनेश कुमार कायमगंज