फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2025 नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरौली के ग्राम नवादा में जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जीवन दुश्वार कर दिया है। वर्षों से चली आ रही इस समस्या के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव की मुख्य सड़क पर जलभराव इतना गंभीर है कि स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। यही रास्ता न केवल ग्रामीणों के लिए बल्कि गांव में आने-जाने वाले बाहरी लोगों के लिए भी प्रमुख मार्ग है। कीचड़ भरे गड्ढे और लंबे समय तक ठहरा हुआ पानी बीमारियों के फैलने का भी कारण बन सकता है।
स्थानीय निवासी संजय कुमार कश्यप, वंशलाल शाक्य, अखिलेश सैनी, दिलीप कश्यप और हिमांशु कश्यप ने बताया कि उन्होंने कई बार इस समस्या के संबंध में प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए और मुख्य मार्ग का समुचित निर्माण/मरम्मत कराकर बच्चों व आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि इस दीर्घकालिक समस्या का स्थायी समाधान करे ताकि गांव के लोग राहत की सांस ले सकें।
