फर्रुखाबाद: नेशनल जंबूरी में जिले के विवेक शाक्य का शानदार प्रदर्शन, विंग कमांडर ने किया सम्मानित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 नेशनल जंबूरी के अंतर्गत आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जनपद फर्रुखाबाद सहित पूरे प्रदेश से आए स्काउट–गाइड प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर जल, थल एवं वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान वायु सेना की विंग कमांडर सुजाता तिवारी द्वारा एक रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश भर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कानपुर मंडल के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद के छात्र विवेक शाक्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सही उत्तर देकर जनपद का नाम रोशन किया। उनके ज्ञान और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर विंग कमांडर सुजाता तिवारी ने विवेक शाक्य को सम्मानित किया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कानपुर मंडल के मंडल कंटिनेंट लीडर (स्काउट) सर्वेश कुमार श्रीवास्तव, जनपद फर्रुखाबाद के जिला संगठन कमिश्नर गजेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र शर्मा, राहुल मैसी, संजय कुमार गंगवार सहित जंबूरी में आए स्काउट मास्टर्स ने छात्र को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं जनपद से जिला मुख्य आयुक्त दिनेश चंद्र वर्मा, जिला सचिव डॉ. महेशचंद्र राजपूत तथा जिला कोषाध्यक्ष संतोष कुमार त्रिपाठी ने फोन के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए सभी पदाधिकारियों के मार्गदर्शन की सराहना की।

उन्होंने कहा कि आप सभी के उचित नेतृत्व एवं प्रेरणा से ही जनपद फर्रुखाबाद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है, जिसके लिए सभी पदाधिकारी विशेष धन्यवाद के पात्र हैं।

उल्लेखनीय है कि छात्र विवेक शाक्य फर्रुखाबाद के सेठ कन्हैया लाल रामशरण रस्तोगी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 ‘सी’ का छात्र है। उसकी इस उपलब्धि से उसके अभिभावक अत्यंत प्रफुल्लित हैं और उन्होंने इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।