फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 नबम्बर 2025 विकास मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल को शहर की प्रमुख समस्याओं व जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कुल पाँच प्रमुख मांगें रखी गईं, जिन पर जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई।
रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग
ज्ञापन में पहली और प्रमुख मांग के रूप में फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता उठाई गई। मंच का कहना है कि इससे आम जनता को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी। इस संबंध में रेल मंत्री को संबोधित अलग ज्ञापन भी दिया गया।
घारमपुर बाईपास/फ्लाईओवर निर्माण की मांग
मंच ने घारमपुर में पूर्व प्रस्तावित बाईपास को फ्लाईओवर या अंडरपास के रूप में तैयार कराने की मांग की। मंच के अनुसार, इस निर्माण से देवरामपुर क्रॉसिंग, आईटीआई चौराहा, ठंडी सड़क, लाल गेट तिराहा और मंडी रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, जिससे हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह ने भी इस फ्लाईओवर को अत्यंत आवश्यक बताते हुए इसे शहर की बड़ी जरूरत बताया।
चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग
मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि फर्रुखाबाद में चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है, जिससे आए दिन लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं और कई पशु-पक्षियों की मौत भी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो मंच आंदोलन करेगा।
आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या
पूर्व भाजपा मीडिया प्रभारी व वरिष्ठ समाजसेवी मुकेश सक्सेना ने शहर में कुत्तों और बंदरों के बढ़ते आतंक पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नगरपालिका परिषद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, जिससे जनता का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने भी चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं बदली तो आम जनता आंदोलन को बाध्य होगी।
बच्चों के लिए खेल मैदान की मांग
ज्ञापन की पांचवीं और अंतिम मांग शहर के बच्चों के लिए एक समुचित खेल मैदान उपलब्ध कराने की थी, जिससे बच्चों को सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण मिल सके।
इन लोग की रही उपस्थिति
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से—कुंवर सिंह यादव (महामंत्री, बार एसोसिएशन),राकेश सारस्वत (पूर्व अध्यक्ष, कर्मचारी महासंघ),कोमल पांडे (विभाग अध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल),नरेश यादव (पूर्व महामंत्री, बार एसोसिएशन),राकेश सक्सेना, विद्यानंद आर्य,राम मोहन भल्ला, पूर्व सभासद निशु दुबे,राहुल दीक्षित गुड्डा, प्रशांत मिश्रा,नरसिंह राजपूत, मनोज दिवाकर,लवी सक्सेना, श्याम मोहन शुक्ला,विनीत कटिहार, आयुष सक्सेना,सुनील बाजपेई, शाहिद सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
फर्रुखाबाद विकास मंच ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इन जनहित मुद्दों पर जल्द ठोस निर्णय लेगा, जिससे शहर की समस्याओं का समाधान हो सके।
