फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 नवंबर 2025 विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति भीष्मनगर, फर्रुखाबाद के पदाधिकारियों ने आज जिलाधिकारी फतेहगढ़ को एक ज्ञापन सौंपकर मेला श्री रामनगरिया में किसी भी गैर-सनातनी व्यक्ति को दुकान आवंटित न किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि मेला रामनगरिया हिन्दू समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहाँ देशभर से साधु-सन्त, भक्त एवं गृहस्थ दम्पत्ति माँ सरस्वती के सान्निध्य में भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना हेतु आते हैं। अतः मेले की पवित्रता और सांस्कृतिक वातावरण को बनाए रखना आवश्यक है।
संगठन ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में मेले में विद्यमियों को दुकान आवंटित किए जाने के कारण उपद्रव और अव्यवस्था की स्थिति बनी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में हुए भीषण अग्निकाण्ड में जनहानि हुई थी, जिसे लेकर प्रशासन को और सतर्क रहने की आवश्यकता है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि दुकानों के माध्यम से लव जिहाद जैसी गतिविधियों के षड्यंत्र की आशंका रहती है, इसलिए मेले में केवल सनातन परंपरा से जुड़े लोगों को ही दुकानें आवंटित की जानी चाहिए ताकि मेले का माहौल शांत, सुरक्षित और सुसंस्कृत बना रहे।
अंत में संगठन ने मांग की कि प्रशासन मेले की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए गैर-सनातनी व्यक्तियों को किसी भी प्रकार का आवंटन न करे। ज्ञापन विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री अखिलेश मिश्रा और बजरंग दल के जिला संयोजक रोहन मिश्रा व दुर्गा बाहिनी के जिला संयोजक विधि सिंह,नगर मंत्री विहिप सिद्धांत सिंह, बिभाग संयोजक अभिषेक शाक्य आदि द्वारा सौंपा गया।
