फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 नबम्बर 2025 विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर जनजागरूकता तेजी पकड़ रही है। इसी क्रम में बुधवार को फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश देते हुए स्वयं अपना गणना प्रपत्र (SIR फॉर्म) भरकर उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत के समक्ष अपनी बीएलओ श्रीमती सीता देवी को उपलब्ध कराया।
सांसद ने कहा कि ‘सत्यापित मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की बुनियाद हैं’, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मतदाता विवरण को सही और अद्यतन कराना चाहिए। उन्होंने जनता से अपील की कि विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना SIR फॉर्म अवश्य भरें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह से सटीक और त्रुटिरहित बन सके।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान बीएलओ घर–घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटा रही हैं। सभी नागरिक आसानी से अपना गणना प्रपत्र भरकर उन्हें उपलब्ध करा सकते हैं।सांसद का यह कदम क्षेत्र में मतदाता जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। प्रशासन ने भी लोगों से अनुरोध किया है कि वे अपने दस्तावेज तैयार रखें और इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। आपका छोटा सा प्रयास न केवल आपके मताधिकार को सुरक्षित करेगा, बल्कि भारत के लोकतंत्र को और भी मजबूत बनाएगा।
