फर्रुखाबाद:बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट व फिटनेस के चल रहे वाहन सीज, ₹1.37 लाख का जुर्माना

फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में बिना वैध कागजातों के चल रहे वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत के नेतृत्व में नगर व राजेपुर थाना क्षेत्र में यह अभियान संचालित हुआ।

अभियान के दौरान खनन सामग्री लेकर जा रहे दो ट्रक बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के पाए गए, जिन्हें तत्काल सीज कर राजेपुर थाने में खड़ा कराया गया। इन दोनों ट्रकों पर ₹60,000 का जुर्माना लगाया गया।

इसके अतिरिक्त, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित चार वाहनों को भी सीज करते हुए ₹30,000 का जुर्माना ठोका गया। वहीं, चार अन्य वाहनों को उत्तर प्रदेश राज्य कर न जमा करने के कारण सीज कर कार्यवाही की गई।

इस अभियान के अंतर्गत कुल 10 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹1,37,000 का आर्थिक दंड वसूला गया है।

एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य के बकाया कर की वसूली के लिए विभाग निरंतर सक्रिय है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज पूर्ण रखें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।