फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 01 अगस्त 2025 जनपद के कोतवाली कायमगंज क्षेत्रान्तर्गत स्थित ऐतिहासिक और आस्था का केंद्र मानी जाने वाली खान बहादुर बाबा सैयद की मजार की कुछ टाइल्स और ग्रिल को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हलचल मच गई।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, जनपद फतेहगढ़ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, समुदाय के प्रबुद्ध जनों एवं मजार से जुड़े लोगों से बातचीत की और सभी से साम्प्रदायिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इस मामले में शांति व्यवस्था को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घटना की गहन जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की मांग की है। मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है तथा स्थिति पूरी तरह शांत एवं नियंत्रण में बताई जा रही है।
प्रशासन की तत्परता और पुलिस अधीक्षक की सक्रियता से क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं उत्पन्न हुई है। मामले की जांच जारी है।
