फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अक्टूबर 2025 छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति फेस 5.0 अभियान के अंतर्गत आज कृष्णा देवी पीजी कॉलेज, आवास विकास, जनपद फर्रुखाबाद में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
एंटी रोमियो टीम एवं महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें जागरूक किया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में वे 1090, 181, 112 जैसी हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग कर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं को केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता के लिए भी जागरूक होना जरूरी है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करना है।
कॉलेज की प्राचार्या ने पुलिस विभाग एवं प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें समाज में अपनी भूमिका को और सशक्त रूप से निभाने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राएं, अध्यापिकाएं, महिला पुलिसकर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
