फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अक्टूबर 2025 महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से थाना कोतवाली फर्रुखाबाद की एंटी रोमियो टीम ने आज मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत विशेष अभियान चलाया। टीम ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेनों में सफर कर रही महिलाओं, बालिकाओं और यात्रियों को जागरूक किया।
अभियान के दौरान टीम के सदस्यों ने महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी, जैसे कि महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, और अन्य सुरक्षा उपाय। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि किसी भी महिला या बालिका के साथ अभद्रता या उत्पीड़न जैसी घटना होती है, तो वे बिना झिझक इन हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल सूचना दें।
एंटी रोमियो टीम ने यात्रियों से अपील की कि वे समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखें और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सुरक्षा का माहौल बनाने का संदेश दिया गया।
