फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अक्टूबर 2025 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष अभियान “मिशन शक्ति-5” के अंतर्गत कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने का अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं — 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) — की जानकारी दी। साथ ही इन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को महिला सम्बन्धी अपराधों से बचाव, साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज प्रथा, बाल विवाह तथा महिला उत्पीड़न के कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने महिलाओं को बताया कि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और स्वावलंबन की भावना को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की।
